लखनऊ विश्वविद्यालय में हुए एलएलबी पेपर लीक मामले में बनी जांच समिति ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंप दी। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय इस रिपोर्ट के आधार पर अपनी कार्रवाई करेंगे। माना जा रहा है कि वे इस मामले में प्रेस कांफ्रेंस बुला सकते हैं।
लविवि में 11 दिसंबर को एलएलबी के पेपर के संबंध में एक ऑडियो वाट्सअप पर वायरल हुआ था। इस पेपर में एलएलबी 3 ईयर के पेपर में पूछे जाने वाले सवालों के बारे में बताया जा रहा था। इन ऑडियो में शिक्षकों के साथ पूर्व कार्यवाहक कुलपति प्रो. शैलेष कुमार शुक्ला की आवाज भी बताई गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी जांच के लिए एसटीएफ को जिम्मेदारी दी। एसटीएफ ने मंगलवार को अपनी जांच पूरी करके सौंप दी। लविवि प्रशासन ने भी इस मामले में आंतरिक जांच समिति बनाई थी।
एसटीएफ द्वारा जांच पूरी करने के एक दिन बाद बुधवार को आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच पूरी करके रिपोर्ट कुलपति को सौंप दी। रिपोर्ट गोपनीय रखी गई है। कुलपति स्वयं इसे सार्वजनिक करेंगे। माना जा रहा है कि समिति ने परीक्षा के कामकाज पर कई सुझाव भी दिए हैं।