फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इटावा लॉयन सफारी को मिलेगा नए साल का तोहफा

Thu, 24 Dec 2015 02:54 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
सीएम अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट इटावा लॉयन सफारी को नए साल में तीन एशियाई बब्बर शेरों का तोहफा मिलने जा रहा है। लॉयन सफारी में एशियाई बब्बर शेरों की संख्या बढ़ाने के लिए सूबे के वन विभाग की करीब एक साल से चल रही कवायद बुधवार को परवान चढ़ी।
विज्ञापन


जूनागढ़ जू से इन शेरों को लाने के लिए लखनऊ जू की टीम बुधवार को गुजरात रवाना हुई। इस बार ये बब्बर शेर सीधे इटावा लॉयन सफारी ले जाए जाएंगे। दिसंबर 2013 में भी गुजरात से ही चार बब्बर शेर लाए गए थे, लेकिन इन्हें कुछ दिनों तक लखनऊ जू में रखने के बाद इटावा लॉयन सफारी भेजा गया था।

शेरों को लाने गुजरात गई टीम में लखनऊ जू के चिकित्सक डॉ. विकास सिंह और लुप्तप्राय वन्यजीव परियोजना से जुड़े ए. श्रीवास्तव के अलावा कीपर कमाल शेख, महेश, मोनू, बबलू समेत करीब आधा दर्जन स्टाफ शामिल हैं।
विज्ञापन


इटावा लॉयन सफारी में पिछले दिनों पैदा हुए शावकों को नहीं बचाया जा सका था क्योंकि उन्हें जन्म देने वाली शेरनियां पहली बार मां बनी थीं। ऐसे में उन्हें शावकों की देखभाल का अनुभव नहीं था। इसलिए अब दो ऐसी शेरनियां लाई जा रही हैं, जो एक बार पहले भी मां बन चुकी हैं। ऐसे में यहां प्रसव के बाद शुरुआती 3-4 महीनों तक शावकों की अच्छी तरह देखभाल हो सकेगी, जब शेरनी और उसके बच्चे मांद में ही रहते हैं।
विज्ञापन

लखनऊ जू में शावकों की धमाचौकड़ी देख अचानक आई तेजी

सूत्रों की मानें तो लखनऊ प्राणि उद्यान में एक साथ पैदा हुए चार शावकों की धमाचौकड़ी की पिछले कुछ दिनों से लगातार टॉप लेवल से मॉनिटरिंग की जा रही थी। लखनऊ जू से कई बार शावकों के फुटेज आला अधिकारियों ने मंगवाए।

इसी दौरान इटावा लॉयन सफारी की प्रगति को लेकर हो रहे प्रयासों की समीक्षा और प्रगति रिपोर्ट के बाद अफसरों ने इस ओर तेजी दिखाई। सफारी में और एशियाई बब्बर शेर लाए जाने की प्लानिंग पिछले साल नवंबर-दिसंबर में शुरू हुई थी।

लखनऊ, कानपुर जू के साथ पटना निभा रहा अहम रोल
गुजरात से बब्बर शेरों को लाने में लखनऊ, कानपुर जू के साथ ही पटना जू भी अहम किरदार निभाने जा रहा है। आला अधिकारियों ने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत एक्सचेंज में लखनऊ जू से एक मकाऊ, एक जोड़ा सारस, कानपुर से लकड़बग्घा और एक जोड़ा गैंडा जूनागढ़ भेजा जाएगा। चूंकि कानपुर में अभी गैंडे का जोड़ा मादा के बिना अधूरा है, इसलिए उसे पटना जू से एक्सचेंज कर दिया जाएगा।

...ताकि अगले साल दर्शकों के लिए खुल जाए लॉयन सफारी
इस पर उत्तर प्रदेश के पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ एसके उपाध्याय का कहना है कि इटावा लॉयन सफारी के लिए जूनागढ़ से तीन बब्बर शेर अगले बृहस्पतिवार-शुक्रवार तक आ जाएंगे। इनमें एक नर और दो मादा हैं।

इसके लिए सेंट्रल जू अथॉरिटी (सीजेडए) से हमें अनुमति मिल चुकी थी। फरवरी-मार्च में सीजेडए से अनुमति मिलते ही हम हैदराबाद जू से भी एक जोड़ा बब्बर शेर लाएंगे। हमारा प्रयास है कि अगले साल लॉयन सफारी दर्शकों के लिए खोल दिया जाए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें