लखनऊ। राजधानी के मौसम में बुधवार से बदलाव के आसार हैं। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। मौसम में यह नरमी अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है।
मंगलवार को पुरवा हवाओं के चलते धूप की तल्खी कुछ कम रही। इससे दिन और रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ट्रफ लाइन गुजर रही है। वातावरण में नमी, दिन की गर्मी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदलने के संकेत हैं।
मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 2.4 डिग्री गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में भी 2.3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और यह 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा।