लखनऊ। लविवि में नए सत्र 2022-23 में एक तरफ जहां स्नातक व परास्नातक कोर्सों में प्रवेश के लिए मारामारी की स्थिति है। वहीं दूसरी तरफ इस बार भी विवि के डिप्लोमा कोर्सों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। लगभग 27 डिप्लोमा कोर्सों के लिए मात्र 321 ही आवेदन आए हैं। ऐसे में आधे ही डिप्लोमा कोर्स चलेंगे।
विश्वविद्यालय में यूजी-पीजी लेवल पर 27 डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में इनकी स्थिति में बहुत सुधार नहीं हुआ है। नियमानुसार, जिन डिप्लोमा कोर्सों में 30 से अधिक सीटें हैं, वहां कम से कम 20 छात्र होने पर ही इसका संचालन किया जाएगा और जहां पर 30 से कम सीटें हैं, वहां कम से कम 10 छात्र होने जरूरी हैं। आवेदन के अनुसार विवि जल्द तय करेगा कि कौन-कौन से कोर्स चलेंगे और कौन से नहीं? इसके बाद ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। प्रवेश समन्वयक प्रो. पंकज माथुर ने कहा कि रेग्युलर डिप्लोमा कोर्स चलेंगे, बाकी के बारे में जल्द निर्णय लिया जाएगा।
बीबीए, बीसीए, डीफार्मा का सीट अलॉटमेंट जारी
लखनऊ विश्वविद्यालय की स्नातक प्रवेश प्रक्रिया में बृहस्पतिवार को बीबीए, बीसीए व डीफर्मा कोर्स का सीट अलॉटमेंट जारी कर दिया गया। इन कोर्सों की च्वॉइस फिलिंग 20 सितंबर को समाप्त हुई थी। प्रवेश समन्वयक प्रो. पंकज माथुर ने बताया कि सीट आवंटन का परिणाम अभ्यर्थी की मेरिट व च्वॉइस के आधार पर किया गया है, जो अभ्यर्थी के लॉगिन पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी अपनी लॉगिन-आईडी ने अपना सीट कंफर्मेशन कर शुल्क जमा कर सकते है। जिन अभ्यर्थियों को उनकी प्रथम वरीयता की सीट नहीं आवंटित हुई है, वे सीट अपग्रेडेशन का विकल्प चुन सकते हैं। यदि वे ऐसा नहीं करते तो अगली मेरिट में उनके प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इसकी अंतिम तिथि 25 सितंबर है। वहीं बीए एनईपी व बीएससी बायो एनईपी, बीएससी बायो एनईपी की च्वॉइस फिलिंग देर रात तक जारी रही।
एमबीए में आज भी इंटरव्यू का मौका
लविवि प्रशासन ने पीजी प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत एमबीए/एमटीटीएम का इंटरव्यू 19 से 22 सितंबर तक होने थे। ऐसे अभ्यर्थी जो लिखित परीक्षा में शामिल हुए थे लेकिन इंटरव्यू नहीं दे पाए, वे 23 सितंबर को पूर्व सूची के अनुसार प्रवेश पत्र में अंकित स्थान पर निर्धारित समय पर अपने सभी मूल पत्रों व उनकी दो प्रतियों के साथ उपस्थित हों।