संदेह के आधार पर पुलिस ने काले रंग की एक स्कार्पियो कार का पीछा किया। उसमें सवार संदिग्ध वाहन दून मार्ग पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने घंटों कॉबिंग की, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस ने कार को लावारिस में दर्ज कर लिया है।
शनिवार तड़के नटराज चौक पर हरिद्वार बाईपास मार्ग की ओर से आ रही एक काले रंग की स्कार्पियों कार को संदेह होने पर पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
चालक घबरा गया
चालक घबरा गया और वाहन को तेज गति से दून मार्ग की ओर मोड़ दिया। पुलिस ने वाहन से कार का पीछा किया। बताया जा रहा है कि संदिग्ध अंधेरे का लाभ उठाकर काली मंदिर के समीप स्कार्पियों मार्ग किनारे छोड़कर जंगल में भाग गए। पुलिस ने घंटों तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई।
उपनिरीक्षक दीपक तिवारी ने बताया कि काले रंग की स्कार्पियों पर मुजफ्फरनगर, यूपी का रजिस्ट्रेशन नंबर है। संदिग्धों की छानबीन की जा रही है।
फिलहाल वाहन को लावारिस में दर्ज कर लिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि संभवत: मौके से फरार संदिग्ध वाहन चोरी कर ला रहे हों।
जंगलात बैरियर तोड़ा
दून मार्ग स्थित वन रेंज कार्यालय के जंगलात बैरियर में ड्यूटी पर तैनात एक कर्मी ने बताया कि काले रंग की स्कार्पियो तेजी से जंगलात बैरियर तोड़ते हुए देहरादून की ओर भागी थी।