लखनऊ। एलडीए अपनी तीन आवासीय योजनाओं को रखरखाव के लिए नगर निगम को हैंडओवर करेगा। इसको लेकर मंगलवार को एलडीए व नगर निगम अधिकारियों की एलडीए कार्यालय में बैठक होगी, जिसमें नेहरू एन्क्लेव, गोमतीनगर, गोमतीनगर विस्तार योजना के पार्क, प्रकाश व्यवस्था, सड़क और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत शारदानगर विस्तार और बसंतकुंज योजना सेक्टर एन व आई को हैंडओवर करने का प्रस्ताव लाया जाएगा।
एलडीए ने बसंतकुंज आवासीय योजना के सेक्टर आई व एन में प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत ईडब्ल्यूएस की 6912 भवनों का निर्माण कराया है। साथ ही अवस्थापना सुविधाओं के विकास कार्य भी कराए हैं। लगभग 75 प्रतिशत भवनों के आवंटन किए जा चुके हैं और 70 प्रतिशत से अधिक लोग रह रहे हैं। प्राधिकरण के अनुसार बसंतकुज योजना नगर सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसे हैंडओवर किया जाएगा। इसके साथ ही गोमतीनगर, गोमतीनगर विस्तार व नेहरू एन्क्लेव को हैंडओवर करने का प्रस्ताव आएगा।