लखनऊ। फैजुल्लागंज में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए लिए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा नाला बनेगा। शहर के विभिन्न पार्कों में 250 ओपन जिम भी बनेंगे। इन प्रमुख कार्यों सहित अवस्थापना निधि से होने वाले करीब 195 करोड़ रुपये की लागत के 133 विकास कार्याें को शुक्रवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई एलडीए की बैठक में मंजूरी दी गई।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमतीनगर में सहारा ग्रुप से खाली कराई गई सहारा शहर की भूमि पर गोमती बायो डायवर्सिटी पार्क विकसित किया जाएगा। प्रकृति प्रेमियों के लिए और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए यहां एक डेढ़ एकड़ क्षेत्रफल में करीब 10 करोड़ रुपये से एक इंटरैक्टिव बर्ड एवियरी विकसित की जाएगी। इसमें विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के प्राकृतिक वास के अनुसार पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा हाईकोर्ट के पास लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से संविधान पार्क बनाया जाएगा। यह आम लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करेगा। इस पार्क में अशोक स्तंभ, पैनल वॉल, इंडिया मैप, संसद की आकृति, म्यूरल व लैंडस्केप आदि के आकर्षक कार्य कराए जाएंगे।
गोमतीनगर में बनेगा लोटस पार्क
गोमतीनगर में ग्वारी फ्लाईओवर के पास ग्रीन बेल्ट की भूमि पर आठ करोड़ रुपये की लागत से मिनी स्पोर्ट्स एरिया व 8.50 करोड़ की लागत से लोटस पार्क बनाया जाएगा। गोमती रिवर फ्रंट पर खासतौर से बच्चों के लिए लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से वंडर पार्क, अर्जुनगंज में पांच करोड़ रुपये से पांडव पार्क विकसित किया जाएगा। इसके अलावा प्रमुख चौराहों व मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।
कानपुर रोड योजना में इन्सेक्टोपीडिया पार्क
कानपुर रोड योजना स्थित ईको गार्डन में विकीपीडिया की तर्ज पर पीपीपी मोड पर इन्सेक्टोपीडिया पार्क बनाया जाएगा। लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क में जंगल ट्रेल होगी। साथ ही इन्सेक्ट्स की आकृति बड़े स्केल पर दर्शाई जाएगी। इन पार्कों के अतिरिक्त उर्मिला वन के विकास के लिए भी अवस्थापना निधि से बजट स्वीकृत किया गया है। अलीगंज की विभिन्न ग्रीन बेल्ट में भी पौधरोपण के कार्य कराए जाएंगे।
ऐशबाग की सुप्पा झील का होगा सुंदरीकरण
ऐशबाग स्थित सुप्पा झील का भी कायाकल्प होगा। लगभग 13 एकड़ क्षेत्रफल में फैली इस झील के सुंदरीकरण पर 2.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिसमें बाउंड्रीवॉल, पाथवे, हॉर्टीकल्चर व साफ-सफाई के कार्य कराए जाएंगे।