लखनऊ। एलडीए बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने रेजिडेंशियल अपार्टमेंट बनाएगा। पार्क व्यू अपार्टमेंट्स नाम से बनने वाले इस अपार्टमेंट में 364 फ्लैट्स होंगे। सात मार्च से छह अप्रैल तक फ्लैटों के लिए पंजीकरण होगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। पंजीकरण एलडीए की वेबसाइट पर ही होगा। फ्लैट के अनुमानित मूल्य की पांच प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी। फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। पार्क व्यू अपार्टमेंट्स की कनेक्टिविटी और लोकेशन काफी प्राइम होगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लगभग 13,350 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले पार्क व्यू अपार्टमेंट्स में चार टावर होंगे, जिसमें टावर ए व बी में 16-16 फ्लोर, टावर सी में 20 फ्लोर व टावर डी 17 फ्लोर बनेंगे। अपार्टमेंट में थ्री बीएचके व थ्री बीएचके प्लस सहित सर्वेंट श्रेणी के 364 फ्लैट होंगे। इनकी कीमतें क्रमश: 75 लाख रुपये व 95 लाख रुपये से शुरू होगी।
विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप, 455 से अधिक वाहनों की पार्किंग सुविधा भी मिलेगी। तीन साल में प्रोजेक्ट पूरा होगा। साथ ही पांच वर्ष के अंदर कब्जा दिया जाएगा।