बाराबंकी से उन्नाव तक सीमा विस्तार होने के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) लखनऊ महानगर विकास प्राधिकरण (एलएमडीए) बन जाएगा। 1104 राजस्व गांव (जहां से राज्य सरकार को आय होती है) इसका हिस्सा बनेंगे। एलएमडीए लखनऊ जिले के सभी राजस्व गांवों के साथ बाराबंकी के तीन ब्लॉक, नवाबगंज नगर पालिका पंचायत एवं उन्नाव के कुछ राजस्व गांवों के लिए भी विकास योजनाएं बनाएगा।
लखनऊ महानगर क्षेत्र का हिस्सा बनने वाले कुल 1104 राजस्व गांवों में बाराबंकी के 385 और लखनऊ-उन्नाव के 394 नए गांव हैं। एलडीए में 325 राजस्व गांव पहले के हैं। इनमें भी लखनऊ की तरह विकास की बयार बहेगी। एलडीए यहां नई योजनाएं लेकर आएगा, जिससे नियोजित तरीके से घर बनेंगे। पेयजल, जल निकासी, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। लोगों को घर के नजदीक रोजगार के अवसर भी हासिल होंगे। इसके अलावा इन गांवों में ग्राम समाज, चरागाह, श्मशान की जमीनों पर भू-माफिया मनमाने तरीके से प्लॉट नहीं काट पाएंगे।
कुल राजस्व गांवों में लखनऊ के आठ ब्लॉक व लीडा (लखनऊ इंडस्ट्रियल डवलपमेंट अथॉरिटी) के 719 और बाराबंकी के तीन ब्लॉक के 385 गांव शामिल हैं। लीडा में लखनऊ एवं उन्नाव के 45 राजस्व गांव हैं। नगर पालिका परिषद नवाबगंज की तीन लाख की आबादी भी इस दायरे में आएगी। सरकार की इसके पीछे मंशा नियोजित विकास है। ये गांव एलडीए में शामिल होंगे तो 30 साल की कार्ययोजना तैयार होगी।
जिला पंचायत से स्वीकृत नक्शा मान्य
जिले के आठ ब्लॉकों के गांवों की जमीन पर जो प्रॉपर्टी डीलर प्लॉटिंग कर रहे हैं, उन्हें गांव एलडीए में शामिल होने पर लेआउट पास कराना पड़ेगा। हालांकि, जिन्होंने जिला पंचायत से नक्शा स्वीकृत करा रखा है, उन्हें प्राधिकरण से दोबारा मानचित्र पास कराने की जरूरत नहीं होगी। सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि एलडीए की सीमा में शामिल होने वाले गांवों का कायाकल्प होगा। गांवों तक विकास योजनाएं पहुंचने से सीवरेज, नाली, सड़क, बिजली, पार्क आदि सुविधाएं मिलने के साथ प्रॉपर्टी डीलरों की अनियोजित कॉलोनियों पर अंकुश लगेगा।
अब बोर्ड बैठक 27 को
एलडीए की सीमा विस्तार सहित अन्य प्रस्तावों को लेकर बोर्ड बैठक अब 27 सितंबर को होगी। 23 व 24 सितंबर को शहरी विकास के राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार के चलते 24 सितंबर को होने वाली बोर्ड बैठक को आगे बढ़ा दिया गया है।
विस्तार में यहां के राजस्व गांव शामिल
एलडीए के सीमा विस्तार में लखनऊ के सभी ब्लॉक काकोरी, चिनहट, सरोजनी नगर, मोहनलालगंज, गोसाईगंज, नगराम नगर पंचायत, अमेठी नगर पंचायत, बख्शी का तालाब, इटौंजा, महोना, मलिहाबाद ब्लॉक के राजस्व गांव शामिल हैं। इसके अलावा बाराबंकी के निंदुरा, देवा रोड, बंकी ब्लॉक एवं नगर पालिका परिषद नवाबगंज की ग्राम सभाएं भी आएंगी।