लखनऊ। साइबर जालसाज हर रोज ठगी के नए-नए पैंतरे इस्तेमाल कर रहे हैं। ठगों ने बुधवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार का निजी नंबर हैक कर लिया। इसके बाद वाट्सएप पर लोगों को मेसेज भेजकर रुपये मांगे। इस मामले की जांच साइबर सेल को दी गई है।
जालसाजों ने एलडीए वीसी का व्यक्तिगत नंबर हैक करने के बाद उन्हीं के विभाग के एक अफसर को मेसेज भेजकर 48 हजार रुपये भेजने के लिए कहा। संदेह होने पर संबंधित अफसर ने एलडीए वीसी को फोन किया। इस पर प्रथमेश कुमार ने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई मेसेज भेजा ही नहीं। इसके बाद फर्जीवाड़े का पता चला। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। साइबर सेल ने छानबीन की तो पता चला कि जमशेदपुर में बैठे ठगों की यह करतूत है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एलडीए की ओर से भी बयान जारी कर सभी को अलर्ट किया गया। कहा गया कि एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निजी मोबाइल नंबर से प्राप्त होने वाले किसी भी कॉल, मेसेज या अन्य संचार पर अगली सूचना तक कोई प्रतिक्रिया न दें।
उधर, एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा का फेसबुक अकाउंट भी ठगों ने हैक कर लिया। इसके बाद लोगों को मेसेज कर रुपये मांगने लगे। इसकी जानकारी होने पर अपर सचिव ने लोगों को सावधान किया और बताया कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया है।