अभिषेक प्रकाश बोले, अवैध निर्माण पर कोई राहत नहीं
शासन ने शुक्रवार दोपहर अचानक एलडीए उपाध्यक्ष शिवाकांत द्विवेदी को हटाकर डीएम अभिषेक प्रकाश को प्रभार दे दिया। उन्होंने वीसी का कार्यभार संभाल भी लिया। वहीं, शिवाकांत द्विवेदी को हटाने के पीछे कई तरह की चर्चाएं हैं।
एलडीए वीसी का कार्यभार संभालने के बाद डीएम अभिषेक प्रकाश ने कहा कि अवैध निर्माण कतई बर्दाश्त नहीं होगा। वह रोजाना डेढ़ से दो घंटे एलडीए ऑफिस में बैठकर जनता की समस्याएं सुनेंगे। साथ ही सुनिश्चित कराएंगे कि शासन की आवासीय योजनाओं का लाभ जनता को मिले। बताया कि प्रदूषण की रोकथाम को निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट और पानी के छिड़काव की जांच के लिए इंजीनियरों को निर्देश दिए गए हैं। डेंगू की रोकथाम को लेकर भी आवासीय समितियों के साथ मिलकर लार्वा की जांच की जाएगी।
भारी पड़ी अवैध निर्माण पर कार्रवाई
शिवाकांत द्विवेदी को इसी वर्ष 23 जनवरी को एलडीए वीसी बनाया गया था। अचानक पद से हटाने के पीछे अंदरखाने चर्चा है कि एक बिल्डर की मल्टीस्टोरी योजनाओं को सील करना उन्हें महंगा पड़ गया। सत्ता से जुड़े इस बिल्डर की बीते एक सप्ताह में एलडीए ने अयोध्या रोड और रायबरेली रोड पर दो बड़ी मल्टीस्टोरी योजनाएं सील की हैं। इनमें एक बृहस्पतिवार को ही सील हुई है। इससे उसे अरबों का झटका लगा है। इन योजनाओं में सैकड़ों फ्लैट तैयार हो चुके हैं और दशहरा व दीपवाली पर गृह प्रवेश होने थे। वहीं, मुख्तार अंसारी के परिवार के निर्माण के खिलाफ धीमी कार्रवाई पर शासन की नाराजगी को भी वजह माना जा रहा है।