एलडीए में मंगलवार को सनराइज अपार्टमेंट के करीब 30 आवंटी उपाध्यक्ष को अपनी परेशानी बताने पहुंचे।
वीसी ऑफिस के बाहर काफी देर तक मुलाकात के इंतजार में बैठे रहे। कमरे से निकले उपाध्यक्ष को बिना मिले जाते देख आवंटी भड़क उठे।
अपनी बात कहने के लिए आवंटियों ने उनकी कार घेर ली, बावजूद इसके वीसी बिना समस्या सुने चले गए। कई बैठकों के बाद भी अभी तक सनराइज के आवंटियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
किसानों के नाम पर अराजक तत्वों ने निर्माणाधीन साइट का काम बंद करा रखा है। वीसी का पद संभाले के करीब डेढ़ महीना बाद भी एमपी अग्रवाल अभी तक अपार्टमेंट को लेकर कोई फैसला नहीं ले सके हैं।
कानपुर रोड नगर प्रसार योजना के किसानों के साथ कई बार बातचीत हो चुकी है। हर बार वार्ता को सकारात्मक बताया गया है। मगर, नतीजा कुछ नहीं निकला।
होली के समय काम बंद हुआ था। अक्तूबर में हुई बातचीत के आधार पर दीपावली के बाद काम शुरू होने का दावा किया गया, जबकि ऐसा नहीं हुआ।
कानपुर नगर प्रसार योजना के लिए पांच गांव औरंगाबाद, किलामोहम्मदी, मुर्शीखेड़ा, बेहसा और मिर्जापुर की जमीन प्राधिकरण ने अर्जित की थी।
किसान पिछले करीब एक वर्ष से बढ़े मुआवजे, गांवों में विकास, मकान और दुकान की मांग को लेकर मोर्चा खोले हैं। पूरे मामले पर वीसी चुप्पी साधे हैं।
काफी कोशिश के बावजूद इस मामले पर मुलाकात तक नहीं की। इतना ही नहीं फोन या मैजेस का भी जवाब नहीं दिया।