लखनऊ। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने गोमतीनगर कार्यालय में चल रहे नवीनीकरण कार्यों की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने 10 जून को निरीक्षण के दौरान अधूरे काम और अव्यवस्थित व्यवस्थाएं पाई थीं। इस पर कार्यदायी एजेंसियों को एक सप्ताह के भीतर सुधार कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
लेखा अनुभाग के बाहर गलियारे में बड़ी संख्या में अलमारियां रखी थीं। वीसी ने इन्हें तत्काल हटाने और पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण को शुरू कराने को कहा। उन्होंने अभिलेखों के सुरक्षित भंडारण के लिए कॉम्पैक्टर प्रणाली लगाने के निर्देश दिए। लेखा अनुभाग में कर्मचारियों की अव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था सुधारने को भी कहा गया। वीसी ने पुराने भवन के प्रथम और तृतीय तल पर नवीनीकरण की धीमी गति पर ठेकेदारों और अभियंताओं को काम तेज करने के लिए कहा। लिफ्ट के पास के कार्यालयों को अन्यत्र स्थानांतरित कर शेष हिस्से का नवीनीकरण शुरू करने का निर्देश दिया। नई भवन के आठवें तल पर कार्यालयों के नवीनीकरण और फर्नीचर आपूर्ति का कार्य 15 दिन में पूरा करने को कहा गया है। सातवें, नौवें और दसवें तल के नवीनीकरण के लिए नए नक्शे तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।