लखनऊ। एलडीए शहर में 40 अवैध बिल्डिंगों पर होली से पहले बुलडोजर चलाने की तैयारी में है। एलडीए के आठ जोन हैं और हर जोन में पांच-पांच अवैध बिल्डिंग चिह्नित किए जा रहे हैं। एलडीए की ओर से यह कवायद मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की ओर से अवैध निर्माण पर कार्रवाई में ढिलाई पर नाराजगी के बाद की जा रही है।
मंडलायुक्त ने बीते दिनों एलडीए के कामकाज की समीक्षा के दौरान कड़ी नाराजगी जताई थी कि ध्वस्तीकरण आदेश होने के बाद भी कार्रवाई में ढिलाई क्यों की जा रही है। इस पर भी रोष जताया था कि अवैध निर्माण बढ़ते क्यों जा रहे हैं, इस पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है। कई शिकायतों को लेकर उन्होंने बैठक के दौरान एलडीए के कई जोनल अफसरों को कड़ी फटकार भी लगाई थी। इसके बाद जोनल अफसर का काम देख रहे कई पीसीएस अफसरों ने प्रवर्तन का काम हटाने जाने की मांग भी शुरू कर दी थी।
सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को एलडीए ने पीसीएस अफसर संगीता राघव और विराग करवरिया को प्रवर्तन के काम से हटा दिया। इनकी जगह अब ओएसडी राजीव यादव और उप सचिव अतुल कृष्ण सिंह को फिर से अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के लिए जोनल अफसर की जिम्मेदारी दी गई है। एलडीए के जोनल अफसरों ने बताया कि वह ऐसी बिल्डिंगों को चिह्नित कर रहे हैं, जिन्हें तोड़ने में किसी तरह की कोई कानूनी अड़चन न आए।
Iअवैध निर्माण के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। जिन मामलों में ध्वस्तीकरण आदेश हो गया है, उन्हें तोड़ने के निर्देश दिए जा चुके हैं। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई भी की जाती है।I
I
- प्रथमेश कुमार, वीसी, एलडीएI