लखनऊ। एलडीए की ओर से गोमतीनगर के विनम्र खंड में गांववासियों के लिए सामुदायिक केंद्र बनाया जाएगा। साथ ही किसानों को रोजगार के लिए चबूतरे भी दिए जाएंगे। एलडीए के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने रविवार को भाकियू (अराजनैतिक) को इसका आश्वासन दिया।सामुदायिक केंद्र के लिए सात मई को जमीन भी चिह्नित की जाएगी।
किसान संगठन के नेता अशोक यादव ने बताया कि एलडीए ने गोमती नगर योजना के लिए जमीन अधिग्रहित करते समय किसानों को चबूतरे देने का वादा किया था लेकिन चबूतरे नहीं मिले। साथ ही गांवों में सड़क, सीवर, सफाई और पानी जैसे सुविधाएं भी दुरुस्त नहीं हैं। वैवाहिक आयोजन के लिए सामुदायिक केंद्र या बारातघर भी नहीं बनाया गया है। इससे नाराज कठौता और विजयीपुर समेत कई गांवों के किसानों ने चिनहट तिराहा के पास धरना दिया। इसके बाद जोनल अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर किसानों से सामुदायिक केंद्र बनाने और चबूतरे देने का आश्वासन दिया। नगर निगम के जोनल सेनेटरी अधिकारी पंकज शुक्ला ने भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं, फुटपाथ या सड़क मरम्मत के जो काम हैं उनके प्रस्ताव बनाए गए हैं। इसके बाद किसानों की नाराजगी दूर हुई।