एलडीए का स्टोर सील करती नगर निगम की टीम।
लखनऊ। नगर निगम ने 68 लाख रुपये बकाया गृहकर जमा न करने पर मंगलवार को एलडीए का एक कम्युनिटी सेंटर और एक स्टोर सील कर दिया। कार्रवाई के बाद एलडीए ने दो दिन में बकाया जमा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद नगर निगम ने सील खोल दिया।
नगर निगम जोन तीन के जोनल अधिकारी आकाश कुमार और कर अधीक्षक आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि अलीगंज और जानकीपुरम में एलडीए की कई बिल्डिंगों पर करीब 68 लाख रुपये गृहकर बकाया है, जो नोटिस जारी करने के बाद भी जमा नहीं किया गया। इसके कारण मंगलवार को गोयल चौराहे के पास स्थित एलडीए के स्टोर और जानकीपुरम द्वितीय वार्ड में कम्युनिटी सेंटर सील किया गया। इसके बाद एलडीए ने आश्वासन दिया कि दो दिन में पूरा बकाया जमा कर दिया जाएगा, तो सील खोल दिया गया। यदि बकाया जमा नहीं हुआ तो फिर कार्रवाई की जाएगी।