लखनऊ। एलडीए के बाबुओं को अब संपत्तियों की रजिस्ट्री की फाइल 32 दिनों में तैयार करनी होगी। इसके लिए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की ओर से मानक संचालन प्रकिया (एसओपी) जारी कर दी है।
इसमें जांच और परीक्षण के लिए 16 चरण बनाए गए हैं। इसमें सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल किया जाएगा। एसओपी में तय कर दिया गया है कि किस स्तर पर कितने समय में काम निपटाया जाएगा। तय समय के बाद भी फाइल न बढ़ाने वाले पर कार्रवाई होगी। आवंटी को भी डाक व व्हाट्सएप से सूचना दी जाएगी।
एसओपी के मुताबिक आवंटी को ऑनलाइन आवेदन के बाद हर बाबू के पास नहीं दौड़ना पड़ेगा। बाबू की जिम्मेदारी तय की गई है कि वह आवंटी को अपने स्तर से जानकारी देगा। इसमें लापरवाही बरतने पर उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
एलडीए वीसी का कहना है कि संपत्ति अनुभाग की समीक्षा के अलावा हर शनिवार को होने वाले सिंगल टेबल क्लीरियंस डे में रजिस्ट्री को लेकर विभाग लापरवाही कर रहे हैं। जांच के लिए जिन अनुभागों में फाइलें जाती हैं, वहां समय से कार्यवाही न करके लंबित रख दिया जाता है। इससे आवंटी परेशान होते हैं। इसे लेकर ही एसओपी जारी की गई है।
किस स्तर पर, कितने दिनों में होगा काम
0 जिस दिन आवंटी रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन आवेदन करेगा, उसी दिन संबंधित प्रभारी संपत्ति और पटल सहायक को व्हाट्सएप पर जानकारी देगा। पटल सहायक उसी दिन कार्यवाही कर दो दिन में लीज प्लान के लिए फाइल नियोजन विभाग को भेजेगा।
0 यदि लीज प्लान में स्थल पुष्टि की जरूरत नहीं है तो नियोजन विभाग तीन दिन में योजना सहायक को रिपोर्ट भेज देगा। लीज प्लान में स्थल पुष्टि की आवश्यकता है तो विभाग दो दिन में संबंधित अभियंत्रण खंड को फाइल भेजेगा।
0 अभियंत्रण खंड ज्यादा से ज्यादा पांच दिनों में रिपोर्ट देगा और नियोजन विभाग दो दिन में पटल सहायक को साइट प्लान भेजेगा।
0 पटल सहायक रकम की गणना के लिए दो दिन में फाइल कास्टिॉग अनुभाग को देगा।
0 कॉस्टिंग अनुभाग गणना के बाद तीन दिन में फाइल वापस योजना सहायक को भेजेगा।
0 जीएसटी रिपोर्ट की जरूरत हो तो पटल सहायक दो दिन में जीएसटी सेल से रिपोर्ट लेगा।
0 जीएसटी रिपोर्ट मिलने के बाद योजना सहायक आवंटी को मांगपत्र डाक और व्हाट्सएप से सूचना देगा।
0 आवंटी के पैसा जमा करने के बाद योजना सहायक फाइल को कम्प्यूटर सेल में भेजेगा।
0 कम्प्यूटर सेल जांच कर दो दिन में फाइल योजना सहायक को भेजेगा। फिर योजना सहायक जमा रकम का सत्यापन लेखा अनुभाग से कराएगा। तीन दिन में सत्यापन कर फाइल योजना सहायक को वापस की जाएगी।
0 जमा रकम के सत्यापन के बाद योजना सहायक आवंटी को स्टांप पेपर जमा करने की सूचना देगा।
0 स्टांप पेपर जमा होने के तीन दिन में फाइल रजिस्ट्री सेल में तैनात अधिवक्ता को परीक्षण के लिए दी जाएगी।
0 अधिवक्ता दो दिन में परीक्षण कर फाइल रजिस्ट्री सेल में देगा। इसके बाद रजिस्ट्री सेल आवंटी को रजिस्ट्री कराने के लिए सूचना देगा।