कोरोना की दूसरी लहर में आई मुश्किलों के बाद अब एलडीए हर जोन में विद्युत शवदाह गृह बनाएगा। इसके अलावा लखनऊ के पार्कों, बसंतकुंज योजना के शहरी जंगल में करीब एक लाख पौधे इस मौसम में लगाए जाएंगे। शहर में ग्रीन कवर बढ़ाए जाने और वायु प्रदूषण को कम करने के लिए यह कवायद की जाएगी।
बृहस्पतिवार को एलडीए वीसी ने अधिकारियों की बैठक लेकर जहां विकास कार्यों की समीक्षा की, वहीं पोस्ट कोविड शहर की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए जाने के लिए कहा। वीसी ने सभी सात जोन के अधिशासी अभियंताओं से कहा है कि विद्युत शवदाह गृह बनाने के लिए जमीनों को चिह्नित किया जाए। हर जोन में विद्युत शवदाह गृह की संभावना पर एक रिपोर्ट बनाकर भी अधिशासी अभियंता देंगे। इसके बाद इनको लगाए जाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसी पर ग्रीनकवर बढ़ाए जाने के लिए 25 हजार पौधे छोटे पार्कों, 25 हजार पौधे बड़े पार्कों और 50 हजार पौधे बसंतकुंज योजना के शहरी जंगल में लगाए जाएंगे। अगली बारिश में यह पौधारोपण का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
वीसी का कहना है कि जिन अपार्टमेंट में 50 फीसदी से अधिक रिहाइश हो गई है। वहां भी न्यूनतम एक पार्क का विकास एलडीए कराए। इसके अलावा बसंतकुंज योजना में भी विकास कार्य तेज करने के लिए वीसी ने कहा है। यहां राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड एलडीए जल्द बनाएगा। वहीं कैटल कॉलोनी की समस्या को भी जल्दी दूर कर वहां बंधा रोड के अधूरे काम को पूरा कराने के लिए इंजीनियरों व अधिकारियों को कहा गया है। कामों को कोविड नियमों का पालन करते हुए शुरू कराने के लिए भी वीसी ने कहा है। बैठक में सचिव पवन गंगवार के अलावा मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह व अन्य अधिशासी अभियंता व अधिकारी मौजूद रहे।