लखनऊ। दो दिन पहले ही एलडीए वीसी ने अवैध निर्माण को बढ़ावा देने के मामले में एक पीसीएस अफसर और दो इंजीनियरों पर कार्रवाई की है, उसके बाद भी इंजीनियर अवैध निर्माण कराने में लिप्त हैं। अब गोमतीनगर विराजखंड में एलडीए इंजीनियरों ने मिलीभगत कर मानचित्र के विपरीत होटल में निर्माण करा दिया और गोमतीनगर विस्तार में एक आवासीय भूखंड पर काॅमर्शियल काॅम्प्लेक्स खड़ा करा दिया। अब नोटिस जारी करने की खानापूर्ति कर मामले को दबाने में लगे हैं।
गोमतीनगर विस्तार सेक्टर चार में भूखंड संख्या 4/सी - 1130 पर बिना मानचित्र पास कराए ही कॉमर्शियल काॅम्प्लेक्स बनाया गया, जबकि यह आवासीय भूखंड है। इसमें एलडीए इंजीनियरों की पूरी मिलीभगत रही। अब जब पूरी बिल्डिंग बन गई तो प्रवर्तन जोन एक के सहायक अभियंता की ओर से शमन मानचित्र का नोटिस जारी किया गया है। इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया है। ऐसे में एक तरह से अवैध निर्माण को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी तरह विराज खंड में भूखंड संख्या सीपी-175 पर मानचित्र का उल्लंघन करते हुए होटल का निर्माण कराया गया है। जानकारों का कहना है कि इन दोनों बिल्डिंगों को बनते करीब एक साल हो गया, मगर एलडीए ने नोटिस अब जारी किया है। ऐसे में अब कागजी कार्रवाई कर दिखावा किया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि इन दोनों बिल्डिंगों को बनवाने के एवज में एलडीए इंजीनियरों ने उगाही भी खूब की। वहीं, एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। लापरवाही बरतने वालों पर भी कार्रवाई होगी।