लखनऊ। अलीगंज के चर्चित अलीगंज अग्निकांड मामले में शासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे के बाद आनन-फानन में निलंबित किए गए सहायक अभियंता (एई) संजय शुक्ला को जांच पूरी होने से पहले ही बहाल कर दिया गया है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद शासन ने बहाली का आदेश जारी किया।
बीती 22 जून को अलीगंज सेक्टर-डी में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की जान गई थी। इस मामले में शासन ने सख्ती दिखाते हुए कई इंजीनियरों को निलंबित किया था। इन इंजीनियरों पर लापरवाही और मानकों की अनदेखी के आरोप लगे थे। सहायक अभियंता संजय शुक्ला भी इन्हीं में से एक थे, जिन्हें आनन-फानन में निलंबित किया गया था। अब उनकी बहाली ने शासन की जांच प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगा दिया है। निलंबित सहायक अभियंता संजय शुक्ला ने अपने निलंबन के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। कोर्ट ने शासन के निलंबन आदेश में कुछ खामियां पाईं। इन खामियों के आधार पर हाईकोर्ट ने संजय शुक्ला की बहाली का आदेश दिया।