लखनऊ। पुराना हाईकोर्ट में कार्यरत सहायक अभिलेखपाल लक्ष्मी नारायण यादव ने चार अधिवक्ताओं पर उन्हें पीटने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ वजीरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
लक्ष्मी नारायण के अनुसार, 21 नवंबर 2022 को कल्याणपुर निवासी अधिवक्ता अविनाश प्रताप सिंह और गोरखपुर के विछिया निवासी पीयूष सिंह ने एक मामले में वकालतनामा दाखिल किया था। उसी दिन इसी मामले को लेकर दोनों ने उन्हें कोर्ट के गेट पर पीटा था। इस पर उन्होंने दोनों के खिलाफ वजीरगंज थाने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामला न्यायालय में लंबित है।
आरोप है कि चार साल से दोनों अधिवक्ता उन पर सुलह का दबाव बना रहे हैं। लक्ष्मी नारायण के अनुसार, कुछ दिन पहले वह पुराना हाईकोर्ट के अभिलेखागार में पेपर बुक तैयार कर रहे थे। तभी अविनाश, पीयूष व दो अन्य अधिवक्ता वहां आ गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए सुलहनामा पर हस्ताक्षर न करने पर गोली मारने की धमकी दी। विरोध करने पर अधिवक्ताओं ने उन्हें उठाकर पटक दिया और पीटा। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है, साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।