लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में कानूनगो के बेटे का शव फ्लैट में बेड पर पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। डॉक्टरों ने हार्ट व विसरा सुरक्षित रखा है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
बलिया के सुल्तानपुर गांव निवासी शुभम सिंह (25) प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। वह सुशांत गोल्फ सिटी के पार्थ अद्यंत में दोस्त हिमांशु के साथ किराये के फ्लैट में रहते थे। हिमांशु ने बताया कि मंगलवार की रात खाना खाने के बाद शुभम सो गया।
बुधवार सुबह देर तक वह काफी देर तक नहीं उठा। उसे जगाने गए तो उसका शरीर बेजान हो चुका था। पुलिस ने शुभम के परिजनों को घटना की सूचना दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता शिव नारायण सिंह बलिया में कानूनगो हैं। मां शीला की मौत हो चुकी है। शुभम तीन बहनों से छोटा था।
इसके अलावा चिनहट के लौलाई गांव निवासी रामदीन (60) मंगलवार शाम घर में पहली मंजिल पर पानी लेने गए थे। इसी दौरान जीने चढ़ते समय अचानक पहली मंजिल से गिरकर उनकी मौत हो गई। वह मजदूरी करते थे।