विधि विवि सिखाएगा सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल का तरीका
लखनऊ। सोशल मीडिया में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर इन दिनों बहस छिड़ी हुई है। एक तरफ लोगों का मानना है कि विचार की स्वतंत्रता होनी चाहिए और इस पर कोई प्रतिबंध नहीं होनी चाहिए। दूसरी तरफ कई लोग इस पर असीमित प्रतिबंध की वकालत करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय इस सत्र से नया पीजी डिपलोमा पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। विवि ने इस नए पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. एपी सिंह ने बताया कि पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मीडिया लॉ इंटरटेनमेंट एंड इथिक्स नामक इस पाठ्यक्रम में आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि इस कोर्स में न केवल मीडिया से संबंधित कानून की जानकारी दी जाएगी बल्कि मीडिया के सही इस्तेमाल का तरीका भी बताया जाएगा। इस पाठ्यक्रम में 30 सीटें हैं। प्रवेश प्रक्रिया संबंधी संपूर्ण जानकारी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसमें किसी भी वर्ग के अधिकारी, बेसिक शिक्षा से संबंधित अधिकारी और छात्र आवेदन कर सकते हैं।
दाखिले के लिए स्नातक में 35 फीसदी अंक होना अनिवार्य है। दाखिला स्नातक की मेरिट के आधार पर दी जाएगी। मेरिट सूची 17 अगस्त को जारी की जाएगी। आवेदन के लिए जनरल व ओबीसी के लिए 500 रुपये और एससी व एसटी वर्ग के लिए 250 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन शुल्क डिमांड ड्राफ्ट के रूप में जमा कराना होगा। एक वर्षीय इस कोर्स की फीस 30,000 रुपये निर्धारित है। मेरिट सूची जारी होने के बाद दाखिले 20 अगस्त से 22 अगस्त तक लिए जाएंगे। एक सितंबर से कोर्स प्रारंभ हो जाएगा।