लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय ने ग्लोबल ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट सेंटर (जीएचआरडीसी) की ओर से जारी लॉ इंस्टीट्यूट सर्वेक्षण 2025 में उत्कृष्ट श्रेणी में स्थान हासिल किया है। संकाय ने प्रदेश में पहला, राष्ट्रीय स्तर पर 10वां और उत्तर भारत में दूसरा स्थान हासिल किया है।
विधि संकायाध्यक्ष प्रो. बीडी सिंह ने बताया कि जीएचआरडीसी वार्षिक रैंकिंग के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान प्रकाशन, बुनियादी सुविधाएं, प्लेसमेंट रिकॉर्ड और उद्योग से संबंध जैसे मानकों को परखा जाता है। इसमें लविवि ने शैक्षणिक उत्कृष्टता में 203.67, अनुसंधान प्रकाशन में 160.27 और प्लेसमेंट में 145.47 अंक प्राप्त किए हैं। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि यह उपलब्धि हमारे संकाय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान में निरंतरता और प्लेसमेंट रिकॉर्ड के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।