माध्यमिकशिक्षा विभाग के राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 अक्तूबर तक किए जाएंगे। सात अक्तूबर तक विभिन्न विषयों के 3317 चयनित अभ्यर्थियों में से 3020 अभ्यर्थियों ने नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन किया।
विभाग के स्कूलों में सहायक अध्यापकों के 10768 पदों पर भर्ती के लिए लोक सेवा आयोग की ओर से चयन किया गया है। आयोग ने विभिन्न विषयों के 3317 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची विभाग को सौंपी है। विभाग ने पहली बार ऑनलाइन नियुक्ति की प्रक्रिया अपनाते हुए चयनित अभ्यर्थियों से 8 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। नियुक्ति के लिए विभिन्न श्रेणी के अभ्यर्थियों को वरीयता भी दी जा रही है। 12 अक्तूबर तक अभ्यर्थियों की ओर से नियुक्ति में वरीयता के लिए प्रस्तुत प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया जाएगा। 16 अक्तूबर को ऑनलाइन नियुक्ति आदेश जारी किया जाएगा।
तीन विषयों के चयनित अभ्यर्थियों को नवंबर में मिलेगी नियुक्ति
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी ने बताया कि लोक सेवा आयोग ने अभी सामाजिक अध्ययन और कला विषय के चयनित अभ्यर्थियों की सूची विभाग को नहीं सौंपी है। वहीं हिन्दी विषय के चयनित अभ्यर्थियों की सूची भी ऑनलाइन नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने के बाद मिली है। उन्होंने बताया कि हिन्दी, सामाजिक अध्ययन और कला विषय के चयनित अभ्यर्थियों को नवंबर तक नियुक्ति मिलेगी।