आईटीआई में 24 तक प्रवेश का आखिरी मौका
लखनऊ। हाईस्कूल पास विद्यार्थी जिन्होंने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है लेकिन, किसी वजह से प्रवेश नहीं मिला है। व्यावसायिक शिक्षा विभाग ने ऐसे विद्यार्थियों को 24 अगस्त तक आखिरी मौका दिया है। इच्छुक छात्र-छात्राएं, राजधानी के किसी भी राजकीय आईटीआई में उपस्थिति होकर प्रवेश ले सकते हैं।
राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने बताया कि राजकीय आईटीआई प्रवेश सत्र- 2025 चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है लेकिन, अभी भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश लेने से वंचित हैं। ऐसे विद्यार्थियों को एक और मौका दिया गया है। दाखिले के लिए प्रार्थना पत्र, ऑनलाइन किया हुआ आवेदन पत्र, रैंक पत्र, आधार कार्ड एवं शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र जमा करना होगा। काउंसिलिंग के बाद मेरिट सूची 25 अगस्त को जारी की जाएगी। अभ्यर्थी अपने मूल अभिलेख एवं छायाप्रतियों के साथ 26 अगस्त की शाम 5 बजे तक प्रवेश के लिए फीस जमा कर सकेंगे।