राज्य सरकार वर्ष 2015 की बोर्ड परीक्षा पास करने वाले हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 39,600 मेधावी छात्र-छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप देगी।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बुधवार को इस बारे में शासनादेश जारी कर दिया। इसके लिए उप्र इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन लैपटॉप की खरीद करेगा।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री महबूब अली ने बताया कि यूपी बोर्ड, संस्कृत शिक्षा परिषद, मदरसा शिक्षा परिषद, सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटा जाएगा।
लैपटॉप बांटने से आगामी वर्षों में संबंधित बोर्ड से मान्यता प्राप्त हाईस्कूल व इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों में छात्र संख्या में बढ़ोतरी होगी और छात्रों में कंप्यूटर शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
मेधावी छात्र-छात्राओं को जिले स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर लैपटॉप दिए जाएंगे।