48 अधिवक्ता चैंबरों के ताले टूटने के साथ ही अधिवक्ताओं के सब्र का बांध टूट गया। नाराज अधिवक्ताओं ने एसपी के सामने ही पुलिस प्रशासन चोर है, गोंडा एसपी मुर्दाबाद के नारे लगाए। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र मिश्रा ने कहा कि दीवानी न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ताओं का चैंबर का ताला टूटना साफ बता रहा है कि जिले में कानून व्यवस्था खतरे में है।
दीवानी कचहरी परिसर में हुई चोरी को बार एसोसिएशन व सिविल बार एसोसिएशन दोनों संगठनों ने गंभीरता से लिया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम कृपाल शुक्ल, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र मिश्र ने कहा कि अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके विरोध में गुरुवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य का बहिष्कार करेंगे। पुलिस की शिथिलता के विरोध में जुलूस निकालकर जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी व डीआईजी को ज्ञापन दिया जाएगा।