फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: जेल में बंद शाइन सिटी कंपनी के डायरेक्टर की फर्जी आईडी लगाकर जमीन की रजिस्ट्री

Sat, 22 Jun 2024 05:08 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मोहनलालगंज। वाराणसी जेल में बंद करोड़ों की ठगी करने वाली शाइन सिटी कंपनी के डायरेक्टर अमिताभ श्रीवास्तव की फर्जी आईडी लगाकर मोहनलालगंज में जमीन का बैनामा हो गया। इस मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस की तरफ से अमिताभ श्रीवास्तव सहित चार नामजद और सब रजिस्ट्रार मोहनलालगंज के तत्कालीन अधिकारी, कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन


मोहनलालगंज के अमेठी गांव में डेढ़ बीघे से अधिक जमीन का बैनामा 24 अगस्त 2022 को तहसील में कराया गया। इसमें अमिताभ श्रीवास्तव को बेचने वाला दर्शाकर उसकी आईडी इस्तेमाल की गई। चिनहट निवासी पंकज मिश्रा को खरीदार और सराय करोरा निवासी विपिन यादव व गोंडा निवासी ज्ञान प्रकाश अवस्थी को गवाह दर्शाया गया है। मामले में हाईकोर्ट में एक पिटीशन फाइल की गई। आरोप लगाया कि वारंट-बी पर पुलिस आरोपी अमिताभ को लेकर गई और लखनऊ पहुंचने के बाद अमिताभ ने मिलीभगत से उक्त जमीनों की रजिस्ट्री कर दी।
इस आरोप की जांच वाराणसी पुलिस ने की तो पता चला कि 24 अगस्त 2022 को उक्त रजिस्ट्री हुई थी, उस वक्त आरोपी अमिताभ वाराणसी जिला कारागार में था। इसके बाद आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन के पुलिस अधीक्षक अपराध ने मोहनलालगंज पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया था। बृहस्पतिवार को मोहनलालगंज थाने के दरोगा श्यामराज सिंह की तहरीर पर जमीन बेचने वाले अमिताभ श्रीवास्तव, खरीदार पंकज मिश्रा, गवाह विपिन यादव, ज्ञान प्रकाश अवस्थी और उपनिबंधक कार्यालय के तत्कालीन अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

इंस्पेक्टर आलोक राव ने बताया फर्जी तरीके से बैनामा कराया गया है। जांच की जा रही है। सूत्र यह भी बताते हैं कि जमीन खरीदर-फरोख्त में हुई लेनदेन भी कागजी है।


तहरीर में दावा : अमिताभ श्रीवास्तव ने पूर्व मंत्री को बेची जमीन
पुलिस की तहरीर में दावा किया गया है कि अमिताभ श्रीवास्तव ने पूर्व मंत्री को जमीन बेची है। सूत्रों का कहना है कि शाइन सिटी की जमीनों की खरीद फरोख्त पर पाबंदी के बावजूद रजिस्ट्रियां जारी हैं। पुलिस ने शाइन सिटी के डायरेक्टर व घोटाले के मास्टरमाइंड अमिताभ श्रीवास्तव को अक्टूबर 2020 में गिरफ्तार कर वाराणसी जेल भेजा था। फर्जीवाड़े की शिकायत के बाद एजेंसियों में हड़कंप मचा है। रजिस्ट्री में अमिताभ ने चिनहट के पंकज मिश्रा को जमीन सिर्फ दस लाख रुपये में बेचना दिखाया है। रायबरेली रोड से सिर्फ दस किमी दूर इस बेशकीमती जमीन की असल मालियत करोड़ों में बताई जा रही है। रजिस्ट्री के पीछे संगठित सिंडिकेट है। 30 अगस्त को इसी जमीन की दूसरी रजिस्ट्री सिर्फ 11 लाख रुपयों में पूर्व मंत्री के बेटे के नाम की गई। इस तरीके से शाइन सिटी की कई जमीनों की रजिस्ट्रियां होने की आशंका है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें