लखनऊ। राजधानी में पछुआ हवाओं के आगमन के साथ रात से लेकर सुबह तक धुंध और कोहरे का असर बढ़ गया है। इसके प्रभाव से सोमवार की सुबह राजधानी में दृश्यता 800 मीटर पर सिमट गई। धुंध ने हवा की सेहत भी बिगाड़ दी है। लालबाग, अलीगंज और बीबीएयू इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक ऑरेंज श्रेणी में पहुंच गया जो स्वास्थ्य के लिहाज से खराब है।
माैसम विभाग का कहना है कि लखनऊ में अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे हवा में ठंड की तासीर भी बढ़ेगी। मंगलवार को भी सुबह और रात में हल्की धुंध का प्रभाव देखने को मिल सकता है। सोमवार अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री की बढ़त के साथ 27.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री की गिरावट के साथ 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।
तीन इलाकों में हवा ज्यादा प्रदूषित
सोमवार को लालबाग, बीबीएयू और अलीगंज में एक्यूआई 270 से 220 के बीच दर्ज की गई है। तीनों ही जगह हवा ऑरेंज श्रेणी में थी जो खराब है। बाकी तीन वायु गुणवत्ता मापक स्टेशन गोमतीनगर, तालकटोरा और कुकरैल की हवा पीली यानी मध्यम श्रेणी में थी।
लालबाग- 270 - ऑरेंज- खराब
अलीगंज - 230- ऑरेंज- खराब
बीबीएयू- 220 - ऑरेंज- खराब
गोमतीनगर- 192- पीला- मध्यम
तालकटोरा- 185 - पीला- मध्यम
कुकरैल- 122 - पीला- मध्यम