श्रावस्ती। जिले में आवागमन के संसाधनों का अभाव दैनिक यात्रियों पर भारी पड़ रह है। शाम सात बजे के बाद जिले के किसी क्षेत्र से भिनगा तथा रात आठ बजे के बाद भिनगा से कहीं जाने का इंतजाम नहीं है। आपात स्थिति में लोगों को निजी साधन या फिर वाहन की बुकिंग कराकर ही जाना पड़ता है। लगातार शिकायत के बावजूद समस्या दूर नहीं हो रही है।
भिनगा नगर में पांच एकड़ भूमि होने के बावजूद परिवहन निगम का डिपो अब तक स्थापित नहीं हो पाया है। आज भी यहां बस अड्डे से काम चलाया जा रहा है। वहीं इकौना व गिलौला में बस अड्डा होने के बावजूद निगम की बस वहां नहीं जाती।
कटरा में पीपीपी मॉडल पर बनने वाले बस अड्डे की फाइल लापता है। सिरसिया, लक्ष्मनपुर, मथुरा बाजार, ताल बघौड़ा, परसा डेहरिया, कानी बोझी, जमुनहा, मल्हीपुर में प्राइवेट बसों का ही संचालन होता है। जबकि इकौना, कटरा, गिलौला, मल्हीपुर, जमुनहा, बदला, भंगहा से भिनगा के लिए बस सेवा नहीं है। सिरसिया से बलरामपुर के लिए अंतिम बस शाम चार बजे तो शेष मार्ग से भिनगा व बहराइच के लिए आखिरी बस शाम सात बजे तक जाती है। वहीं भिनगा से बहराइच के लिए अंतिम बस रात आठ बजे जाती है। इसके बाद कहीं जाने के लिए लोगों को सुबह का इंतजार करना पड़ता है। वहीं आपात स्थित में लोगों को निजी साधन या फिर वाहन की बुकिंग करानी पड़ती है। कई बार शिकायत के बावजूद अधिकारी व जनप्रतिनिधि लगातार आश्वासन देते रहे हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान न होने से लोगों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।