माल। क्षेत्र की थरी पंचायत के मजरे बख्खाखेड़ा गांव के पास हरसिंघा पुलिया मोड़ पर रविवार की रात अनियंत्रित होकर बाइक खंती में चली गई। हादसे में बाइक चला रहे हरदोई के कछौना क्षेत्र के नैरा निवासी तेजपाल (20) और पीछे बैठे क्षेत्र के जमोलिया निवासी अनुराग (18) घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तेजपाल की इलाज के दौरान मलिहाबाद सीएचसी में मौत हो गई। वहीं घायल अनुराग का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बख्खाखेड़ा निवासी सोनू ने बताया कि तेजपाल उनका साला था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह कई वर्ष से उनके घर पर रहकर मजदूरी करता था। गांव में हो रही भागवत कथा सुनने गया था। वहां से वह अनुराग को बाइक पर पीछे बैठाकर झांकी के कलाकारों को बुलाने करेंद गांव गया था। वापस आते समय लगभग 11 :30 बजे उसकी बाइक फिसलकर खंती में चली गई। परिजन सोमवार दोपहर बिना पुलिस को सूचित किए तेजपाल का शव लेकर अपने गांव चले गए।