हजरतगंज क्षेत्र में ला-मार्टीनियर गर्ल्स कॉलेज के हॉस्टल से शुक्रवार दोपहर भागी हाईस्कूल की दोनों छात्राएं गोवा में सकुशल मिल गई हैं।
हजरतगंज पुलिस की टीम उनके अभिभावकों को साथ लेकर गोवा रवाना हो गई है।
इंस्पेक्टर हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि ला-मार्टीनियर गर्ल्स कॉलेज के हॉस्टल से संदिग्ध हालात में लापता दोनों छात्राएं गोवा में सकुशल मिली हैं।
वहां की मडगांव थाने की पुलिस ने उन्हें अभिरक्षा में लेकर सूचना दी है। इस पर पुलिस की एक टीम गोवा भेजी गई है। टीम के साथ छात्राओं के अभिभावक भी गोवा गए हैं।
मालूम हो, छात्राओं की तलाश में जुटी पुलिस ने ऑटो चालक मामा व छात्राओं के दोस्तों से तहकीकात करके इंदिरानगर में रहने वाले एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर ट्रेस किया था।
उस मोबाइल को सर्विलांस पर लिया तो छात्राओं के गोवा में होने की जानकारी मिली। इस पर गोवा पुलिस को दोनों छात्राओं का हुलिया बताया गया था।
गोवा के मडगांव थाने की पुलिस ने दोनों को ढूंढ निकाला। छात्राओं के लखनऊ पहुंचने पर उनसे हॉस्टल से भागने की वजह पूछी जाएगी। फिलहाल माना जा रहा है कि पढ़ाई में कमजोर दोनों छात्राएं डांट के डर से भागी थी।