विधायक कुलदीप का भाई अतुल सेंगर।
- फोटो : amar ujala
उन्नाव रेपकांड के आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के भाई अतुल सेंगर ने जिला कारागार के गेट पर जमकर हंगामा किया। जेल अधिकारियों ने बताया कि पेशी से लौटने पर अतुल एक बैग में कई जोड़े कपड़े, खाने-पीने के सामान के साथ अन्य चीजें लेकर आया था। गेट पर तलाशी के दौरान वह भड़क गया और जेलकर्मियों से अभद्रता की। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों की मौजूदगी में बैग से अतिरिक्त सामान हटवाने के बाद ही उसे प्रवेश दिया गया।
जेल के सूत्रों ने बताया कि विधायक के भाई और उसके साथ बंद एक अपराधी के बीच कई दिनों से तनातनी चल रही थी। पेशी के दौरान कचहरी के हवालात में दोनों में फिर से कहासुनी हुई जिसके बाद अतुल व उसके समर्थकों ने उसे पीट दिया। इस पर दूसरे बंदियों व पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे बचाया।
सूत्रों का कहना है कि अतुल के साथी उस बंदी की बैरक में बंद हैं। दोनों में जेल में वर्चस्व को लेकर कई बार तनातनी हो चुकी है। पेशी पर मारपीट के बाद अतुल के साथियों को उक्त युवक की बैरक से दूसरी बैरक में भेज दिया गया।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक प्रेमनाथ पांडेय ने अतुल और उक्त बंदी के बीच झगड़े की जानकारी से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि अतुल व उसके साथी हाईप्रोफाइल हैं इसलिए उन्हें अलग रखा गया है। सभी आरोपियों पर सीसीटीवी कैमरों निगरानी की जा रही है।