लखनऊ। शहर की इंडियन पैरा जूडो अकादमी में अभ्यास करने वाली हरियाणा की कोकिला ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए आईबीएसए (इंटरनेशनल ब्लाइंड स्पोर्ट्स फेडरेशन) जूडो ग्रां प्री में कांस्य पदक जीता। ब्राजील के साओ पाउलो में चल रही प्रतियोगिता में कोकिला ने भारत को पहला पदक दिलाया।
यह प्रतियोगिता लॉस एंजिल्स 2028 पैरालंपिक खेलों के लिए क्वालिफिकेशन अभियान का पहला महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है। प्रतियोगिता के पहले ही दिन कोकिला ने मेजबान ब्राजील की खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
कोकिला वर्तमान में अपने भार वर्ग में विश्व रैंकिंग में दूसरे और एशिया में पहले स्थान पर काबिज हैं। उनका यह प्रदर्शन भारतीय पैरा जूडो के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इंडियन ब्लाइंड एंड पैरा जूडो एसोसिएशन और कोच मुनव्वर अंजार ने कोकिला को इस शानदार सफलता पर बधाई दी। (माई सिटी रिपोर्टर)