आसमान में उड़ती रंग-बिरंगी पतंगें और ये काटा वो काटा सदाएं शनिवार को हुसैनाबाद के ऐतिहासिक घंटाघर के पास गूंजती रहीं। मौका था नगर निगम के स्वच्छ विरासत अभियान के तहत आयोजित पतंग महोत्सव का।
महापौर संयुक्ता भाटिया और स्वच्छ भारत मिशन की राज्य मिशन निदेशक नेहा शर्मा ने शनिवार को पतंग उड़ाकर महोत्सव का आगाज किया। इस मौके पर पीएम मोदी, सीएम योगी और गृहमंत्री अमित शाह के साथ महापौर की फोटोयुक्त पतंग और भारत के मानचित्र युक्त पतंगें मेहमानों को भेंट की गईं। स्वच्छता के दो रंग नीले और हरे रंग की पतंग उड़ाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि पतंगबाजी लखनऊ की तहजीब का हिस्सा है। उपतंग महोत्सव के जरिये स्वच्छता को मनोरंजन से जोड़ने की कोशिश की गई है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और सफाई कर्मचारियों की वजह से हम स्वच्छता में 17वें नंबर पर आ गए हैं, वो दिन दूर नहीं जब हम नंबर वन शहरों में शुमार होंगे। निदेशक नेहा शर्मा ने कहा कि स्वच्छ विरासत अभियान के तहत 14 से 24 जनवरी तक होने वाले कार्यक्रमों में प्रदेश के 75 पर्यटक और ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किया गया है, जहां पर स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि स्वच्छ विरासत अभियान में 21 जनवरी को रन फार जी-20 को शामिल किया गया है। इस मैराथन में एनजीओ, सीएसओ, एनएसएस, एनसीसी, एसवीपीएस और लोकल एम्बेसडर को शामिल होंगे। वहीं 24 जनवरी को यूपी की स्थापना दिवस को भी भव्य रूप से मनाने की तैयारी है।
इनका हुआ सम्मान
पतंग महोत्सव में महापौर ने मून लाइट काइट क्लब के अमरनाथ कौल, एसएस काइट क्लब के सिराजुल हक, चौक काइट क्लब के अनुराग मिश्र, चौक क्लब के अकील शम्सी, गाजी काइट क्लब के अब्दुल्ला, सुपर काइट क्लब के सतीश छाबरा, स्टार काइट क्लब के बंटी, मून काइट क्लब के सौरभ रस्तोगी और किंग काइट क्लब के रजा को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पार्षद रुपाली गुप्ता, अनुराग मिश्रा, अपर नगर आयुक्त अभय पांडेय, अविनेन्द्र सिंह, डॉ. अरविन्द कुमार राव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह आदि मौजूद रहे।