दिवाली पर राजधानी को मिलेगा किसान पथ का तोहफा
अयोध्या हाइवे से सुल्तानपुर हाइवे को जोड़ने के लिए किसान पथ का तोहफा दिवाली पर शहर को मिल जाएगा। करीब 11 किमी लंबे किसान पथ पर सेतु निगम और पीडब्ल्यूडी निर्माण पूरे कर चुके हैं।
अब केवल रेलवे लाइन के ऊपर आरओबी के लिए कुछ काम बाकी है। नवंबर की शुरुआत में इसके पूरा होने की संभावना है। ऐसे में दिवाली पर किसान पथ पर ट्रैफिक शुरू किया जा सकता है।
सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक संदीप गुप्ता ने बताया कि गोमती के ऊपर हमारे दोनों पुल बन चुके हैं। दिलकुशा रेलखंड पर भी सेतु निगम काम पूरा कर चुका है।
यहां बन रहे दोनों आरओबी में रेलवे को काम पूरा करना है। एक आरओबी पर सड़क बनाई जा रही है। यह काम आठ से 10 दिन में पूरा हो जाएगा। फिर दूसरे आरओबी पर काम शुरू होगा। रेलवे यहां गर्डर रख चुका है।
ऐसे में उनके काम में भी अब अधिक समय नहीं लगेगा। रेलवे के काम खत्म करते ही सेतु निगम दो से तीन दिन में फिनिशिंग वर्क पूरा कर देगा। दिवाली पर किसान पथ पर गाड़ियां रफ्तार भर रहीं होंगी।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि उनका भी इंदिरा नहर के दोनों ओर सड़क बनाने का काम पूरा हो गया है। सर्विस लेन का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है।
अब किसान पथ पर ट्रैफिक शुरू किया जा सकता है। एनएचएआई के तैयार हो चुके अयोध्या हाइवे से कुर्सी रोड तक के 14 किमी लिंक से भी इसे जोड़ने का काम हो गया है।
एनएचएआई ने इसके लिए अयोध्या हाइवे के ऊपर कलीफ्लावर फ्लाईओवर बनाया है। ऐसे में दिवाली पर शहर को 25 किमी लंबा बाधा रहित आउटर रिंगरोड चलने को मिल जाएगा।
अभी से उपयोग हो गया शुरू
किसान पथ पर कुछ काम भले ही बाकी हो, लेकिन लोगों ने इसका उपयोग शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि किसान पथ पूरी तरह तैयार नहीं है। ऐसे में लोगों को यहां वाहन ले जाने से रोका भी जा रहा है। कुछ जगह अवरोधक भी लगाए गए हैं।
आउटर रिंगरोड का बन गया हिस्सा
यह किसान पथ पहले अलग से राज्य सरकार का प्रोजेक्ट था। सांसद व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के प्रयास से इसे एनएचएआई के आउटर रिंगरोड का भाग बना लिया गया। अब 105 किमी लंबे आउटर रिंगरोड प्रोजेक्ट में 94 किमी एनएचएआई को बनाना है। वहीं, 11 किमी राज्य सरकार का पीडब्ल्यूडी विभाग बना रहा है।
सुल्तानपुर हाईवे से जोड़ने को अस्थायी सड़क
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि सुल्तानपुर रोड पर भी इंदिरानहर से पहले कलीफ्लावर फ्लाईओवर एनएचएआई को बनाना है। इसके निर्माण में अभी समय है। ऐसे में तय किया गया है कि इंदिरा नहर पर पूर्व से बनी तीन किमी सड़क को सुदृढ़ीकरण कर उपयोग में लाया जाए। इस पर काम शुरू हो गया है। दिवाली से पहले इसे भी पूरा कर दिया जाएगा। एनएचएआई का आउटर रिंगरोड का यह सेक्शन पूरा होने तक किसान पथ से आने वाले वाहन इंदिरा नहर पर बनी अस्थायी दो लेन सड़क से सुल्तानपुर हाइवे तक आ-जा सकेंगे। अभी इस सड़क की हालत बहुत खराब है।