लखनऊ। बसंतकुंज योजना में शुरू हुए राष्ट्र प्रेरणा स्थल पार्क में अभी बच्चों के मनोरंजन के लिए खास इंतजाम नहीं हैं। जल्द यहां किड्स जोन बनाया जाएगा, जिसमें झूले आदि लगाए जाएंगे। 65 एकड़ में फैले पार्क में जनेश्वर मिश्र पार्क की तरह साइकिलिंग भी सुविधा दी जाएगी। इसे लेकर एलडीए प्लान तैयार कर रहा है, जिसे संचालन समिति की बैठक में रखा जाएगा।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में अभी सिर्फ एक म्यूजियम ही है। यहां आने वाले दर्शक किड्स जोन के साथ कैंटीन भी बनाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का यह भी कहना है कि पार्क बहुत बड़ा है। इस कारण जो लोग ज्यादा पैदल नहीं चल सकते, उन्हें जनेश्वर पार्क की तरह बैट्री वाली गाड़ी की सुविधा भी दी जाए।
एलडीए करीब दो एकड़ एरिया में किड्स जोन विकसित करने व साइकिलिंग की सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव बना रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रस्ताव राष्ट्र प्रेरणा स्थल की संचालन समिति में रखा जाएगा। प्रमुख सचिव आवास पी. गुरु प्रसाद अध्यक्षता में गठित संचालन समिति की बैठक एक महीने के अंदर होगी।