स्कूल जा रहे छात्र को अगवा करने की कोशिश, पुलिस बोली, मारपीट का मामला
गाजीपुर थानाक्षेत्र के इंदिरानगर सेक्टर-14 स्थित स्कूल जा रहे साइकिल सवार छात्र को बाइक सवार युवकों ने सोमवार सुबह अगवा करने की कोशिश की।
वहीं, पुलिस के मुताबिक साइकिल व बाइक की टक्कर होने के बाद मारपीट हुई थी। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक, तकरोही निवासी वरुण मिश्रा का बेटा अंकित (13) सेक्टर-14 स्थित सेंट मेरी स्कूल में छठवीं का छात्र है।
वरुण के मुताबिक, सुबह 7.15 बजे बेटा घर से स्कूल के लिए निकला था। सेक्टर-11 में बाइक सवार दो युवकों ओवर टेक के दौरान उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।
अंकित साइकिल समेत गिर गया और उसे चोट आ गईं। इसके बाद आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया और जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर अगवा करने की कोशिश करने लगे।
अंकित के शोर मचाने पर राहगीर दौड़े तो आरोपी भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, अंकित से जानकारी पाकर परिवारीजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर घटना की सूचना दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने फुटेज देखने के साथ लोगों से भी पूछताछ की। इसमें हादसे के विवाद में मारपीट की जानकारी मिली।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, छात्र ने चाकू से हमला किए जाने की बात कही थी। हालांकि उसके शरीर पर चोटें बाइक की टक्कर व गिरने से आई हैं।