लखनऊ। चिनहट इलाके से एक जुलाई को अगवा तीन साल के मासूम को रविवार रात पुलिस ने सकुशल मुक्त कराकर अपहर्ता को दबोच लिया।
सीतापुर के तंबौर थाना क्षेत्र के बेहटा पकोड़ी गांव की निवासी सुधारा देवी चिनहट में तिवारीगंज के उत्तरधौना में किराए के मकान में रहती हैं। एक जुलाई को सुधारा के तीन साल का मासूम बेटा लाजिम संदिग्ध हालात में लापता हो गया था।
सुधारा की तहरीर पर चिनहट कोतवाली में अपहरण का केस दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। इसमें क्राइम ब्रांच की भी मदद ली गई। चिनहट थाने के उपनिरीक्षक अजय शुक्ल ने अपनी टीम के साथ रविवार रात क्षेत्र के अनौरा ग्राम में किसान पथ के अंडरपास के पास से अपहर्ता गोविंदा यादव निवासी नौनार कपरदार, भाटपार रानी गठिया, थाना थानपार, देवरिया को गिरफ्तार करके लाजिम को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।