सआदतगंज इलाके में तीन साल का बच्चा शनिवार सुबह फिनायल पी गया। ...इस धोखे में कि वह कोल्डड्रिंक है। पीते ही बच्चा बेसुध हो गया। खून की उल्टियां होने लगीं। पिता मजदूरी करने गया था, बेबस मां के पास इतने भी पैसे नहीं थे कि उसे अस्पताल की दहलीज तक पहुंचा सके।
मोहल्ले वालों ने चंदा लगाया और उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। पर तब तक ‘जहर’ उसे पूरी तरह से अपनी आगोश में ले चुका था। इलाज काम न आया। देर रात मासूम की मौत हो गई।
पुलिस केमुताबिक, सआदतगंज मोअज्जमनगर निवासी मजदूर रमेश अपनी पत्नी सुनीता व बच्चे आयुष व विशाल संग किराए के मकान में रहता है। शनिवार सुबह रमेश काम पर निकल गया और बड़ा बेटा आयुष स्कूल गया था। घर पर पत्नी सुनीता व छोटा बेटा विशाल थे।