लखनऊ। राजकीय पॉलीटेक्निक परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय खादी प्रदर्शनी में पिछले 14 दिनों के दौरान लखनऊ के लोगों ने खासी दिलचस्पी दिखाते हुए जमकर खरीदारी की। 17 मार्च से शुरू प्रदर्शनी में नौ राज्यों के कुल 74 स्टॉल्स लगे थे। प्रदर्शनी का बृहस्पतिवार को समापन हो गया।
यूपी खादी बोर्ड के सहायक निदेशक आशुतोष सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी सफल रही। बृहस्पतिवार तक स्टॉल्स से कुल 80 लाख रुपये के उत्पादों की बिक्री की गई। सर्वाधिक आठ लाख की बिक्री पर स्वराज आश्रम कानपुर को प्रथम पुरस्कार, पांच लाख रुपये की बिक्री पर पर ग्रामसेवा संस्थान फतेहपुर को द्वितीय व तीन लाख रुपये की बिक्री पर जूट आर्टिजन गिल्ड एसोसिएशन को तृतीय पुरस्कार दिया गया। तीनों संस्थाओं को शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर खादी ग्रामोद्योग के राज्य निदेशक डॉ. नितेश धवन, सहायक निदेशक आशुतोष सिंह, यूपी खादी बोर्ड के डिप्टी सीईओ महेंद्र प्रताप, पीएनबी के एजीएम धीरेंद्र झा मौजूद रहे। - संवाद