केजीएमयू की डॉ. आकांक्षा ने एम्स की एमसीएच परीक्षा में किया टॉप
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्विद्यालय (केजीएमयू) के मास्टर ऑफ सर्जन (एमएस) विद्यार्थियों ने एम्स की सुपर स्पेशियलिटी परीक्षा में जलवा बिखेरा है। परीक्षा में ट्रॉमा सर्जरी विभाग से एमएस की पढ़ाई कर रहीं डॉ. आकांक्षा ने एमसीएच में प्रवेश परीक्षा की देश भर में प्रथम रैंक हासिल की है।
देश के प्रतिष्ठित संस्थान दिल्ली एम्स में सुपर स्पेशियलिटी शिक्षा एमसीएच की प्रवेश परीक्षा में आकांक्षा के साथ चार रेजीडेंट सर्जन्स ने शीर्ष 10 में जगह बनाई है। जनरल सर्जरी विभाग की सीनियर रेजीडेंट डॉ. आयुषी राज ने एंडोक्राइन सर्जरी में एमसीएच प्रवेश परीक्षा में देश भर में दूसरी रैंक हासिल की है। इसी तरह ट्रॉमा सर्जरी एंड क्रिटिकल केयर के विशाल ने प्रवेश परीक्षा में तीसरी रैंक प्राप्त की। ट्रॉमा सर्जरी विभाग के डॉ. अमन ने सातवीं रैंक प्राप्त की है। केजीएमयू में जनरल सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अभिनव अरुण सोनकर ने सभी को बधाई दी है। ट्रॉमा सर्जरी विभाग के डॉ. समीर मिश्र और कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने इसे केजीएमयू के लिए सम्मान की बात बताया।