केजीएमयू के आर्थोपेडिक व नेत्र रोग विभाग के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने बृहस्पतिवार को दोनों विभागों में एचआरएफ काउंटर का शुभारंभ किया। यहां 70 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाएं व इंप्लांट मिलेंगे। संस्थान में एचआरएफ के 22 काउंटर हैं। इन सभी पर डिजिटल भुगतान की सुविधा है।
प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि एचआरएफ काउंटर पर करीब 3500 तरह की दवाएं व दो हजार से अधिक सर्जिकल सामान 24 घंटे उपलब्ध हैं। नए टेंडर में और दवाएं भी शामिल की गई हैं। बीते छह माह में पांच आउटलेट शुरू किए गए हैं। जल्द ही एचआरएफ न्यू कार्डियोलॉजी ब्लॉक, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, सर्जरी, प्लास्टिक, यूरोलॉजी व अन्य विभागों में नए स्टोर खोले जाएंगे।
मौके पर आर्थोपेडिक सुपरस्पेशलिटी ब्लॉक में एचआरएफ के अध्यक्ष डॉ. कुमार शांतनु, डॉ. बालेंद्र, डॉ. अनुराग राय, वित्त सलाहकार दिनेश, ऑर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार, डॉ. विकास वर्मा, डॉ. अभिषेक अग्रवाल उपस्थित रहे।