केजीबीवी के खेल शिक्षकों के साथ बीएसए राम प्रवेश ने की बैठक। स्रोत ः स्वयं
लखनऊ। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) की छात्राओं को अब खेलों में भी उत्कृष्ट प्रशिक्षण दिया जाएगा। छात्राओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए जिले स्तर पर विशेष तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राम प्रवेश ने इस संबंध में खेल शिक्षकों के साथ बैठक की और निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय से दो खेलों का चयन कर दो दिन में सूची उपलब्ध कराई जाए।
बीएसए ने स्पष्ट किया कि चयनित खेलों में यदि किसी विद्यालय में प्रशिक्षक नहीं है तो उसकी अलग से व्यवस्था की जाएगी। राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश पर यह पहल शुरू की गई है। इस बार लक्ष्य है कि लखनऊ जिले की छात्राएं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का नाम रोशन करें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि छात्राओं की रुचि के अनुसार ही खेलों का चयन किया जाएगा और उसी आधार पर प्रशिक्षण की योजना बनाई जाएगी। बैठक में बीईओ मुख्यालय राजेश कुमार सिंह, जिला व्यायाम शिक्षिका नीलम सिंह और शिक्षक संजय कुमार पांडेय भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के लिए चयनित खेल
तीरंदाजी, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स।