की बोर्ड आसान करेगा दृष्टिबाधितों की पढ़ाई
लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की पढ़ाई अब कीबोर्ड आसान करेगा। शुक्रवार को इन की-बोर्डों का वितरण कुलपति प्रो. संजय सिंह ने किया। इस दौरान विवि में शैक्षणिक और तकनीकी सशक्तीकरण के लिए कीबोर्ड वितरण व डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। विवि के प्रवक्ता डॉ. यशवंत वीरोदय ने बताया कि यह कार्यक्रम कुलपति संजय सिंह के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित किया गया। कुलपति ने कहा कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों से जोड़ना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में है। यह पहल विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।