केरला समाजम् की ओर से रविवार को ओणम उत्सव खूब धूमधाम से मनाया। गोमतीनगर स्थित सीएमएस सभागार में आयोजित उत्सव में फूलों की वर्षा के बीच जैसे ही राजा महाबली प्रजा का हालचाल लेने प्रकट हुए समाज के सभी बंधुओं के चेहरों पर खुशी दौड़ गई।
फूलों की रंगोली के बीच पारंपरिक परिधानों में सजे महिला और पुरुषों ने ढोल नगाड़ों से अपने प्रिय राजा का स्वागत किया। वहीं, राजा बली से आशीर्वाद लेने के लिए लोगों में होड़ मच गई।
उत्सव का खास आकर्षण केरल के पारंपरिक नृत्य ने चुराया। ओणम के दो हफ्ते बाद केरला समाजम् की ओर से आयोजित सामूहिक ओणम उत्सव में केरल की सांस्कृतिक छटा बिखरी।
समारोह की मुख्य अतिथि संस्कृति मंत्री अरुण कुमारी कोरी रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् डॉ. जगदीश गांधी रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। इस मौके पर समाज की ओणम वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी हुआ।
साथ ही मेधावी छात्रा काव्या को छात्रवृत्ति भी दी गई। इस मौके पर समाज के अध्यक्ष जेंसन जेम्स, महासचिव आरके नायर समेत गोमतीनगर, राजाजीपुरम्, अलीगंज, महानगर, चारबाग, जानकीपुरम इलाकों से आए समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। समारोह के बाद सभी ने केले के पत्ते पर परंपरागत पकवान ‘ओनसदयम्’ का लुत्फ उठाया।