सावन मास में रामनगरी में कल से कांवड़ियों का मेला लगेगा। ऐसे में चार दिन तक लखनऊ-अयोध्या हाईवे बंद रहेगा। प्रशासन ने कांवड़ियों की भीड़ से निपटने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। सरयू के घाटों से लेकर हाईवे तक पर कांवड़ियों का रेला होता है। इनकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है।
विज्ञापन
सावन मेला तीन अगस्त से पूरे रंग में होगा। इससे पूर्व रामनगरी कांवड़ियों से गुलजार होगी। सर्वाधिक भीड़ त्रयोदशी पर 30 जुलाई को होगी। जब आसपास के जिलों अंबेडकरनगर, गोंडा, बस्ती, बलरामपुर, टांडा आदि से बड़ी संख्या में भक्त अयोध्या सरयू जल लेने पहुंचेंगे।
हालंकि कांवड़ियों का आगमन 27 जुलाई से ही शुरू हो जाएगा। सावन के दूसरे सोमवार 29 जुलाई व त्रयोदशी 30 जुलाई को रामनगरी में लाखों कांवड़ियों का डेरा होगा। इसको लेकर प्रशासन ने सुरक्षा खाका तैयार कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त यातायात व्यवस्था की भी रूपरेखा बन चुकी है। चार दिनों तक आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से रामनगरी में यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा।
विज्ञापन
अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, गोंडा, बहराइच व बलरामपुर के मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था रहेगी। हाईवे पर लखनऊ होकर गोरखपुर जाने वाले मार्ग कांवड़ियों के लिए आरक्षित होगा। संपूर्ण मेला क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विजयपाल सिंह, मेला सुरक्षा अधिकारी/एसपी सिटी, अयोध्या
15 अगस्त तक चलने वाले सावन मेले में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं के इलाज के लिए प्रशासन द्वारा बेहतर व्यवस्था की जा रही है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में 17 स्थानों पर अस्थाई प्राथमिक उपचार केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त श्रीराम अस्पताल, जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल, दर्शननगर में एक-एक वार्ड आरक्षित कर दिया गया है।
बताया कि मेला क्षेत्र में हनुमानगढ़ी, अयोध्या रेलवे स्टेशन, कनकभवन, रामजन्मभूमि, तुलसी उद्यान, राम की पैड़ी, नागेश्वरनाथ, अयोध्या घाट, पक्का घाट, कंट्रोल रूम, हनुमान गुफा, रामघाट हाल्ट व साकेत पेट्रोल पंप पर अस्थाई उपचार केंद्र बनाए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार केंद्र पर दवाओं का पर्याप्त स्टाक होगा। इसके अतिरिक्त 10 स्थानों श्रीराम अस्पताल, हनुमानगढ़ी, कनकभवन, नागेश्वरनाथ, सरयू घाट, कंट्रोलरूम, तुलसीउद्यान सहित अन्य पर एंबुलेंस की व्यवस्था होगी।
डाकघर में मिलेगा गंगाजल
प्रधान डाकघर फैजाबाद एवं अयोध्या डाकघर में सावन मास के पवित्र अवसर पर यमनोत्री-गंगोत्री धाम के गंगाजल की बिक्री शुरू कराई गई। इस दौरान मंडल की परिवाद निरीक्षक अल्का गौड़ ने बताया कि श्रद्धालुओं की आस्था का ध्यान रखते हुए सीधे यमनोत्री-गंगोत्री धाम का पवित्र गंगाजल पूजा-अर्चना के लिए अयोध्या व फैजाबाद प्रधान डाकघर में बिक्री किया जा रहा है। पवित्र गंगाजल अयोध्या एवं फैजाबाद प्रधान डाकघर में स्पेशल काउंटर के माध्यम से श्रद्धालुओं को बिक्री किया जाएगा। जिसके लिए दोनों डाकघरों को 200 ग्राम का बोतल उपलब्ध करा दिया गया है जिसका बिक्री मूल्य 30 रुपये निर्धारित है ।