लखनऊ। राजकीय हाईस्कूल मस्तेमऊ गोसाईंगंज में नई शिक्षा नीति के तहत छात्राओं के व्यक्तित्व विकास को लेकर उनके लिए कथक का प्रशिक्षण शुरू हुआ है। मंगलवार को इसकी शुरूआत बिरजू महाराज कथक संस्थान की अध्यक्ष डाॅ. कुमकुम धर के नेतृत्व में हुई।
प्रशिक्षिका अदिति थपलियाल ने छात्राओं को कथक की बारीकियों के बारे में बताया। अदिति ने बताया कि यह कला मात्र कथक नृत्य के विषय में ही नहीं है अपितु हमारी जड़ों से जुड़ने, आत्मविश्वास बढ़ाने और छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास व रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रेरित करने का प्रयास है। इस कार्यशाला का उद्देश्य कथक नृत्य को उन छात्र-छात्राओं तक पहुंचाना है जिन्हें इस तरह की प्रतिष्ठित कला से जुड़ने का अवसर प्राप्त नहीं होता।
प्रधानाचार्य कुसुम वर्मा ने कहा कि इस प्रशिक्षण से छात्राएं न केवल नृत्य कौशल सीखेंगी बल्कि सांस्कृतिक गौरव को बढ़ावा भी मिलेगा। प्रशिक्षण 12 नवंबर तक चलेगा। 13 नवंबर को छात्राएं मंच पर प्रस्तुति देंगी।