मुसाफिर बनकर रेलवे स्टेशनों की डॉरमेट्री में यात्रियों का सामान पार करने वाला शातिर कश्मीरी हयात मोहम्मद शौकत रविवार को जीआरपी के हत्थे चढ़ गया। सर्विलांस की मदद से आरोपी को चारबाग रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया।
शातिर ने यूपी ही नहीं एमपी, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के दर्जनभर जिलों में स्टेशनों पर वारदातें की हैं। उसके पास से दर्जनभर से अधिक मोबाइल फोन, एक्टीवेटेड सिम, कैमरा, कटर, प्लास, फर्जी आईडी व दस हजार रुपये बरामद किए हैं।
(जम्मू-कश्मीर) निवासी हयात मोहम्मद शौकत पुत्र अब्दुल गनी वर्तमान में 46 सब्जीमंडी, शाहगंज इलाहाबाद में रहता है। बीते आठ जून को स्टेशन की एसी डॉरमेट्री से डॉ. महेश जैन व एडवोकेट राजीव रंजन का सामान चोरी हो गया था।
इसके बाद चलाए गए अभियान में शौकत को दोपहर सवा एक बजे स्टेशन के बुकिंग हॉल सेकंड के सामने वाली सड़क से गिरफ्तार कर लिया गया।
शौकत ने यूपी में लखनऊ, वाराणसी, इलाहाबाद व झांसी, एमपी में भोपाल, कटनी, महाराष्ट्र में नांदेड़, शोलापुर, नागपुर व औरंगाबाद, आंध्र प्रदेश में हैदराबाद, तमिलनाडु मेंचेन्नई स्टेशनों पर डॉरमेट्री से सामान चोरी किया है।
ये मामले भी दर्ज हैं। जीआरपी इंस्पेक्टर डीके उपाध्याय ने बताया कि शौकत डॉरमेट्री में खुद यात्री बनकर जाता था और शौचालय का इस्तेमाल करने वालों को बाहर से लॉक कर सामान लेकर चंपत हो जाता था। वह अपने साथ नायलॉन का बैग लेकर चलता था। इसमें यात्रियों का सामान रख लेता था।